सोमनाथ मेले का इतिहास: सोविया कुलाल की वीरगाथा और ओड़ा भेंटने की अनूठी परंपरा

 

1. सोमनाथ मेले का ऐतिहासिक परिचय

उत्तराखण्ड के कुमाऊँ क्षेत्र में आयोजित होने वाला सोमनाथ मेला केवल एक धार्मिक एवं व्यापारिक आयोजन नहीं, बल्कि स्थानीय इतिहास, लोकपरंपराओं, सामाजिक संबंधों और सांस्कृतिक विरासत का महत्त्वपूर्ण प्रतीक है। मासी स्थित श्री सोमनाथेश्वर मंदिर के नाम पर इस मेले का नाम सोमनाथ मेला पड़ा।

अपने प्रारम्भिक दौर में यह मेला बमोरी नामक स्थान पर आयोजित किया जाता था, इसलिए इसे ‘बमोरी सोमनाथ’ कहा जाता था। कालान्तर में व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार के साथ मेले का स्वरूप भी बड़ा होता गया। बमोरी में स्थान की कमी होने के कारण इसे भटोली नामक स्थान पर स्थानान्तरित कर दिया गया। इसके बाद यह ‘भटोली सोमनाथ’ के नाम से प्रसिद्ध हुआ।

समय के साथ इस मेले से सल्टिया मेला भी जुड़ गया। इसके पीछे एक ऐसी ऐतिहासिक घटना का उल्लेख मिलता है, जिसने मेले के स्वरूप, आयोजन-स्थल और इससे जुड़ी परंपराओं को एक नया रूप दिया।

2. कन्नौज से मासी तक: कनौंणियाँ बिष्टों का आगमन

माना जाता है कि 1520 के दशक में मुगल सम्राट बाबर के भारत पर आक्रमण के दौरान कुछ कुलीन एवं सम्भ्रान्त लोग कन्नौज छोड़कर पहाड़ों की ओर पलायन कर गए (खालिद बशीर-"कान्क्वेस्ट ऑफ इंडिया बाइ बाबर")। इनमें से कुछ लोग अपने कुल पुरोहित फुलोरिया तथा सेवक कुलालों को साथ लेकर पश्चिमी रामगंगा नदी के तट पर, वर्तमान मासी क्षेत्र में आकर बस गए।

मूल रूप से कन्नौज के निवासी होने के कारण ये लोग ‘कनौजिया बिष्ट’ कहलाए। कालान्तर में यह नाम अपभ्रंश होकर ‘कनौंणियाँ बिष्ट’ के रूप में प्रचलित हो गया।

समय के साथ इन तीनों परिवारों का विस्तार हुआ और उनका कुटुम्ब एक गाँव के रूप में विकसित हो गया। कुछ समय पश्चात् बिष्ट भाई अलग-अलग स्थानों पर बस गए। फलस्वरूप चार कनौंणियाँ बिष्ट ग्राम तथा एक ग्राम पुरोहित फुलोरिया लोगों का, अस्तित्व में आए। ये ग्राम क्रमशः कनौंणियाँ, आदिग्राम कनौंणियाँ, डांग, काला चौना तथा आदिग्राम फुलोरिया के नाम से जाने गए।

कुलाल वंश कनौंणियाँ बिष्टों के मंत्री एवं सलाहकार के रूप में प्रतिष्ठित हो गया। चंदकाल में थोकदारी प्रथा का उद्भव हुआ और कनौंणियाँ बिष्टों को भी थोकदारी प्राप्त हो गई।

इसे भी पढ़े: उत्तराखण्ड का प्रारम्भिक ऐतिहासिक काल (भाग-5) ब्रह्मपुर के बाद कार्तिकेयपुर का उदय : हिमालय में एक नई राजनीतिक शक्ति और कत्यूरी परंपरा

3. कनौंणियाँ बिष्ट और कुलाल वंश के बीच संघर्ष

कालान्तर में एक छोटे-से वैचारिक मतभेद ने कनौंणियाँ थोकदारों और कुलाल वंश के बीच संघर्ष की स्थिति उत्पन्न कर दी। यह विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच युद्ध की नौबत आ गई। इस संघर्ष में कनौंणियाँ थोकदारों द्वारा कुलाल वंश को लगभग समाप्त कर दिया गया।

इस भीषण नरसंहार के समय कुलाल परिवार की एक गर्भवती महिला अपने मायके सल्ट गई हुई थी। इसी कारण वह और उसके गर्भस्थ शिशु की जान बच गई। मायके में उस महिला ने एक सुंदर बालक को जन्म दिया, जिसका नाम सोविया अथवा सोबन सिंह कुलाल रखा गया।

यही बालक आगे चलकर सोमनाथ मेले से जुड़ी ऐतिहासिक लोककथा का प्रमुख पात्र बना।

4. सोविया कुलाल की प्रतिज्ञा और प्रतिशोध की कथा

जब सोविया लगभग चार-पाँच वर्ष का हुआ, तो उसके साथी उसे चिढ़ाने लगे। इससे उसके मन में अपने पिता और परिवार के विषय में जानने की जिज्ञासा उत्पन्न हुई। वह अपनी माता से बार-बार प्रश्न करने लगा। कुछ समय तक माता उसे टालती रही, लेकिन अन्ततः माँ ने अपने परिवार के साथ हुई पूरी घटना उसे सुना दी।

अपने परिवार के विनाश की कहानी जानकर सोविया प्रतिशोध लेने के लिए दृढ़प्रतिज्ञ हो गया। उसकी मनःस्थिति को देखते हुए माता ने उसे बताया कि गेहूँ की फसल कटने के बाद प्रत्येक वर्ष वैशाख माह में कनौंणियाँ थोकदार मनोरंजन के लिए नृत्य-गायन का आयोजन करते हैं। इस आयोजन में भाग लेने के लिए यहाँ से एक हुड़किया अपनी पत्नी के साथ प्रतिवर्ष वहाँ जाता है। वह इस घटना और वहाँ के लोगों के विषय में सब कुछ जानता है।

सोविया उस हुड़किया के पास पहुँचा और उससे तत्कालीन कनौंणियाँ थोकदार मलदेव कनौंणियाँ की हत्या करके अपने परिवार का प्रतिशोध लेने में सहायता करने की गुहार लगाई।

हुड़किया उसकी सहायता के लिए तैयार हो गया। उसने सोविया को खंजर नृत्य सिखाया। नियत समय आने तक सोविया इस नृत्य में पारंगत हो गया।

इसे भी पढ़े: कत्यूरी राजवंश की शाखाएँ : पाली-पछाऊँ, अस्कोट, डोटी, सीरा और सोर का इतिहास

5. भटोली में मलदेव कनौंणियाँ की हत्या

वैशाख माह में आयोजित होने वाले लोकोत्सव का समय आया तो सोविया कुलाल भी हुड़किया के साथ मासी पहुँचा। रामगंगा नदी के बाएँ तट पर स्थित भटोली गाँव में परम्परानुसार लोकोत्सव प्रारम्भ हुआ।

सोविया अपने लक्ष्य को पहचानता नहीं था। इसलिए दोनों ने योजना बनाई कि खंजर नृत्य के दौरान हुड़किया जिस व्यक्ति के सामने आने पर संकेत करते हुए हुड़के पर जोर से थाप देगा, वही उसका लक्ष्य होगा।

योजना सफल हुई और मलदेव कनौंणियाँ मारा गया। मेले में भगदड़ मच गई। इस अफरा-तफरी का लाभ उठाकर हुड़किया सोविया कुलाल को रामगंगा नदी के उस पार ले गया।

नदी पार पहुँचने के बाद सोविया हुड़किया और निशाणों को छोड़कर ऊपर की ओर भागा। उस स्थान पर सिमौ अर्थात सेमल का एक वृक्ष था। इसी कारण वह स्थान आगे चलकर ‘हुड़की सिमौ’ के नाम से जाना गया।

6. ‘लो मैं मेला मासी ले आया हूँ’: मासी और कनौंणियाँ थोकों का संघर्ष

मलदेव की हत्या के बाद पूरा मेला सोविया के पीछे भागा। हुड़की सिमौ पर हुड़किया और निशाणों को देखकर भीड़ वहीं रुक गई, लेकिन मलदेव थोकदार के लोग सोविया को मारने के लिए उसका पीछा करते रहे।

सोविया जानता था कि थोकदारों के लिए उनकी प्रतिष्ठा अत्यन्त महत्त्वपूर्ण होती है। अपनी जान बचाने के लिए उसने इसी मनोविज्ञान का सहारा लिया।

मासी गाँव पहुँचकर उसने वहाँ के थोकदारों को आवाज लगाई—

“लो मैं मेला मासी ले आया हूँ, सम्भालो अपना मेला।”

यह सुनकर मासी के थोकदारों ने इसे अपनी प्रतिष्ठा का प्रश्न समझा। उन्होंने अपने लोगों को एकत्र किया और सभी हुड़की सिमौ की ओर दौड़ पड़े।

एक ओर कनौंणियाँ लोग सोविया को मारने के लिए आ रहे थे, तो दूसरी ओर मासीवाल लोग अपने मेले की प्रतिष्ठा बचाने के लिए आगे बढ़ रहे थे। दोनों थोकों के लोग आपस में भिड़ गए और दोनों ओर से पत्थरों की बौछार होने लगी।

इस घटना के बाद दोनों थोकों के बीच शत्रुता उत्पन्न हो गई। प्रतिवर्ष, मेले के दिन दोनों पक्ष नदी तक पहुँचने के लिए नगाड़े-निशाण लेकर दौड़ते और एक-दूसरे पर पत्थरों की बौछार करते हुए नदी पर पहुँचकर एक घूँट पानी पीते थे। इस परंपरा को ‘ओड़ा भेंटने’ की रस्म कहा जाता था।

इस घटना के बाद माना जाने लगा कि मेला भटोली से मासी क्षेत्र में आ गया है और अब इसका आयोजन यहीं किया जाएगा।

इसे भी पढ़े: पश्चिमी रामगंगा घाटी का पौराणिक महत्त्व | महाभारत, रामायण और लोकस्मृतियों में उत्तराखण्ड

7. सोमनाथी थौ: मेले का नया आयोजन-स्थल

मासी के थोकदारों ने हुड़की सिमौ से लगभग 300 मीटर ऊपर स्थित एक समतल खेत को मेले के लिए निर्धारित किया। उस खेत में पीपल और तुन के वृक्ष थे।

पीपल के वृक्ष के चारों ओर एक चबूतरा बनाया गया, जिसे ‘सोमनाथी थौ’ अर्थात सोमनाथ की चौकी नाम दिया गया। इसके बाद से प्रतिवर्ष सोमनाथ मेला इसी स्थान पर आयोजित होने लगा।

इस प्रकार सोमनाथ मेले का इतिहास केवल एक स्थान से दूसरे स्थान पर इसके स्थानान्तरण की कहानी नहीं है, बल्कि इसके साथ जुड़ी लोकमान्यताओं, थोकों की प्रतिष्ठा और सामुदायिक परंपराओं का भी इतिहास है।

8. सोविया के बच निकलने की दूसरी लोककथा

सोमनाथ मेले से जुड़ी एक अन्य लोककथा के अनुसार, जब सोविया मासी गाँव पहुँचा, तब भी कनौंणियाँ लोग उसका पीछा कर रहे थे। अपनी जान बचाने के लिए वह दौड़ते हुए एक महिला की खरीक अर्थात गौशाला में पहुँचा।

संयोगवश उस समय महिला की भैंस का प्रसव हो रहा था। सोविया ने महिला से उसे बचाने की गुहार लगाई और महिला ने उसे अपनी खरीक में छिपा लिया।

जब पीछा करते हुए आए लोगों ने सोविया के विषय में पूछा, तो महिला ने अनभिज्ञता प्रकट की। लोगों ने जब खरीक के भीतर जाकर उसे खोजने का प्रयास किया, तो महिला ने उन्हें यह कहकर रोक दिया कि अन्दर उसकी भैंस का प्रसव हो रहा है और वे भीतर नहीं जा सकते।

इस प्रकार महिला ने भीड़ को भ्रमित करके वहाँ से लौटा दिया। सभी लोगों के चले जाने के बाद सोविया ने महिला को धन्यवाद दिया और वहाँ से निकल गया।

कुछ दूर कनरै ग्राम के पास दुबाड़ी में खनकटरा नामक स्थान पर पहुँचकर उसके मन में संदेह उत्पन्न हुआ कि मलदेव की मृत्यु हुई भी होगी या नहीं।

उसी समय उसे एक विशाल शिलाखण्ड दिखाई दिया। उसके हाथ में अभी भी खंजर था। उसने शिला पर उतनी ही जोर से खंजर मारा, जितनी जोर से मलदेव पर वार किया था। उसने मन ही मन सोचा कि यदि पत्थर के दो टुकड़े हो गए, तो निश्चय ही उसका शत्रु भी मृत्यु को प्राप्त हो गया होगा।

किवदन्ती के अनुसार, शिला के दो टुकड़े हो गए। उधर मलदेव भी खंजर के घातक वार से तत्काल दिवंगत हो चुका था। इस प्रकार संतुष्ट होकर सोविया छिपते-छिपाते सुरक्षित अपने घर पहुँच गया।

इसे भी पढ़े: चंद राजवंश का इतिहास | सोमचंद से महेंद्र चंद तक | कुमाऊँ का इतिहास

9. मलदेव से जुड़ी लोकमान्यता और ‘न्यौतणा’ की परंपरा

एक अन्य किवदन्ती के अनुसार, मलदेव अत्यन्त बलिष्ठ और लम्बे-चौड़े शरीर वाला व्यक्ति था। कहा जाता है कि वह एक वक्त के भोजन में 16 से 20 मन तक अनाज खा जाता था। अपनी हत्या से ठीक पहले भी वह भोजन करके आया था।

लोकमान्यता के अनुसार, जब सोविया ने मलदेव के पेट में खंजर मारा, तो उसके पेट से 16 मन मसूर की दाल और बहुत अधिक मात्रा में ‘मोअरासीम’ नामक नौले का पानी निकला।

वर्तमान में भी कनौंणियाँ और मासी थोक के लोग ‘न्यौतणा’ मनाते हैं। इसके अन्तर्गत कनौंणियाँ थोक सोमनाथ मेले से एक सप्ताह पूर्व, अर्थात सोमवार से, मलदेव थोकदार को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए मसूर की दाल और मोअरासीम नौले के पानी का वर्जन करता है।

यह वर्जन अगले सोमवार, अर्थात सोमनाथ मेले के दिन, ओड़ा भेंटने की रस्म के बाद ही समाप्त होता है। दूसरी ओर मासी आल इसी सोमवार को हलुआ-पूरी बनाकर त्योहार के रूप में मनाता है।

इस प्रकार मेले से जुड़ी परंपराओं में एक ओर स्मृति और श्रद्धांजलि का भाव दिखाई देता है, तो दूसरी ओर उत्सव और सामुदायिक उल्लास की अभिव्यक्ति भी मिलती है।

10. ओड़ा भेंटने की रस्म: संघर्ष से समझौते तक

मलदेव की हत्या की घटना के परिणामस्वरूप मासी और कनौंणियाँ गाँवों के बीच शत्रुता उत्पन्न हो गई। अगले वर्ष मेले का समय आया तो दोनों थोकों के लोग नगाड़े-निशाण लेकर नदी की ओर दौड़े और नदी में पत्थरों की बरसात करने लगे। जो पक्ष पहले ओड़ा भेंटता, वह स्वयं को विजयी घोषित करता।

कई वर्षों तक यह सिलसिला चलता रहा। शत्रुता के कारण मेले के समय विवाद की आशंका बनी रहती थी। कई बार छोटी-मोटी झड़पें होती थीं और पत्थर लगने से लोग घायल भी हो जाते थे।

दोनों थोकों के हितों को देखते हुए कुछ समय बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ। इसके अनुसार, दोनों पक्ष नगाड़े-निशाण लेकर अपनी-अपनी दिशाओं से नदी के दोनों ओर समान दूरी पर एकत्रित होंगे। निर्धारित स्थान से दौड़ने पर जो आल पहले नदी तक पहुँचेगा, उसकी जीत मानी जाएगी।

कुछ वर्षों बाद दोनों आलों के बीच फिर से विवाद उत्पन्न हो गया। इसके बाद परगना मैजिस्ट्रेट पाली द्वारा दोनों पक्षों के बीच राजीनामा करवाया गया।

संशोधित समझौते के अनुसार निर्णय लिया गया कि पहले वर्ष कन्हौणी आल के लोग नगाड़े-निशाण लेकर पहले नदी तक पहुँचेंगे और दूसरे वर्ष मासी आल के लोग। इस प्रकार दोनों पक्षों के बीच बारी-बारी से क्रम चलता रहेगा।

नियम के अनुसार, पहले पहुँचने वाला आल नदी पर पहुँचकर अपराह्न ठीक 2 बजे मेले के निर्धारित स्थान पर पहुँच जाएगा। इसके बाद दूसरा आल अपनी यात्रा प्रारम्भ करेगा।

मासी आल की ओर से 10 जोड़ी नगाड़े-निशाण आते थे, जिनमें 9 जोड़ी मासी आल और 1 जोड़ी सल्ट की होती थी। वहीं कन्हौणी आल की ओर से 4 जोड़ी नगाड़े-निशाण आते थे।

इस व्यवस्था के बाद मेले का आयोजन शांतिपूर्वक होने लगा। दोनों आल नदी पर पहुँचने के पश्चात् पारम्परिक लोकनृत्य ‘सरंकार’ का मंचन करते हुए नगाड़े-निशाण लेकर नाचते-गाते निर्धारित स्थल की ओर बढ़ते थे।

इसे भी पढ़े: उत्तराखण्ड में गोरखा शासन : ‘गोरख्याली’ के पच्चीस वर्ष

11. सोमनाथ मेला: व्यापार और जनजीवन का प्रमुख केन्द्र

धीरे-धीरे सोमनाथ मेले की ख्याति दूर-दूर तक फैल गई। रामनगर, काशीपुर, गढ़वाल और अल्मोड़ा के अतिरिक्त हूण तथा भोटिया जैसे सीमान्त क्षेत्रों के व्यापारी भी मेले में भाग लेने आने लगे।

मेले में बैलों का व्यापार बहुतायत में होता था (सक्सेना, 2016)। इनमें ‘भाबरी बैल’ विशेष रूप से प्रसिद्ध थे। सूई से लेकर सम्बल तक, बिन्दी से लेकर कपड़ों तक, गृहस्थी और साज-सज्जा से जुड़ी लगभग सभी आवश्यक वस्तुएँ मेले में उपलब्ध होती थीं।

व्यापार के साथ-साथ मनोरंजन भी मेले का प्रमुख आकर्षण था। चरखे, झूले, मौत का कुआँ, जादूगर और मदारी जैसे मनोरंजन के साधन लोगों के उत्साह को बढ़ाते थे। बच्चे, बूढ़े और जवान सभी वर्षभर इस मेले के आने की प्रतीक्षा करते थे।

उस समय दैनिक जीवन की आवश्यक वस्तुओं के लिए क्षेत्रीय लोग मुख्यतः रामनगर और काशीपुर जैसे बड़े बाजारों पर निर्भर रहते थे। मोटर मार्गों के अभाव में लोग पैदल ही रामनगर से मासी तक की यात्रा करते थे। ऐसी परिस्थितियों में सोमनाथ मेला क्षेत्रीय जनता के लिए किसी वरदान से कम नहीं था।

यह मेला व्यापारियों के लिए भी जीविकोपार्जन का महत्त्वपूर्ण साधन था। व्यापारी मेले से लगभग 7–8 दिन पहले पहुँचकर अपनी दुकानें लगाना शुरू कर देते थे और 7–8 दिन बाद वापस लौटते थे। इस प्रकार प्रारम्भिक काल में सोमनाथ मेला लगभग 15 दिनों तक चलता था।

12. आधुनिकता का प्रभाव और मेले के स्वरूप में परिवर्तन

समय के साथ वैश्वीकरण का प्रभाव बढ़ा और क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछने लगा। दूरस्थ गाँवों तक मोटर मार्ग पहुँचने से सड़कों के किनारे नए बाजार विकसित हुए। दैनिक आवश्यकताओं की वस्तुएँ सरलता से उपलब्ध होने लगीं और धीरे-धीरे लोगों का मेलों के प्रति उत्साह कम होने लगा।

सन् 1962 के भारत-चीन युद्ध के बाद हूण व्यापारियों का यहाँ आना बन्द हो गया। इसके बाद सन् 1970 के दशक में सल्ट से आने वाले नगाड़े-निशाण भी आने बन्द हो गए।

इन परिवर्तनों के बीच दोनों आल के थोकदारों ने विचार-विमर्श किया और क्षेत्रीय जनता की इच्छानुसार मेले का स्थान बदलने का निर्णय लिया। इसके बाद सरस्वती शिशु मंदिर, मासी के प्रांगण को मेले का मुख्य स्थल निर्धारित किया गया। तब से प्रतिवर्ष दोनों आल अपने-अपने नगाड़े-निशाण लेकर वहीं पहुँचते हैं।

साक्षरता दर बढ़ने और बेहतर जीवन एवं रोजगार की तलाश में लोगों के गाँवों से पलायन के कारण मेले की अवधि भी घटने लगी। 8 से 10 दिनों तक चलने वाला सोमनाथ मेला (डी. डी. शर्मा, 2007) सन् 2015 तक सिमटकर केवल 4 दिनों का रह गया।

कालान्तर में मेले के आयोजन के लिए मेला समिति का गठन किया गया। सन् 2015 में मेला समिति और व्यापार मण्डल मासी के संयुक्त प्रयासों से सल्टिया मेला पुनः प्रारम्भ हुआ। मेले में विभिन्न प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाने लगीं और विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाने लगा।

इसे भी पढ़े: उत्तराखण्ड में ब्रिटिश शासन और पश्चिमी रामगंगा घाटी | मासी–पाली का आधुनिक इतिहास

13. सोमनाथ मेले का वर्तमान स्वरूप

वर्तमान में सोमनाथ मेले का स्वरूप पुनः विकसित हुआ है। अब यह मेला फिर से लगभग एक सप्ताह तक चलने लगा है। मेले के दौरान 5–6 दिनों तक झोड़े, चाचरी, भगनौल, नाटक, लोकनृत्य तथा अन्य रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

मेले की परंपराओं के अनुसार रविवार से शनिवार तक अलग-अलग दिनों में विविध आयोजन होते हैं। इन आयोजनों में सल्टिया मेला, ठुल सोमनाथ, नान् सोमनाथ, दुकाने कौतीक और मीना बाजार प्रमुख हैं।


14. निष्कर्ष: इतिहास, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का संगम

सोमनाथ मेला मासी क्षेत्र की ऐतिहासिक स्मृतियों, स्थानीय लोककथाओं, व्यापारिक गतिविधियों और सांस्कृतिक परंपराओं का एक महत्त्वपूर्ण संगम है। बमोरी से भटोली और फिर मासी तक की इसकी यात्रा, सोविया कुलाल से जुड़ी लोककथाएँ, कनौंणियाँ और मासी आलों के बीच ओड़ा भेंटने की रस्म तथा सल्टिया मेले का पुनः प्रारम्भ होना इसके बहुआयामी इतिहास को सामने लाते हैं।

समय के साथ परिवर्तित होते सामाजिक और आर्थिक परिवेश ने मेले के स्वरूप को प्रभावित किया, लेकिन इसकी पारम्परिक पहचान आज भी लोकनृत्यों, नगाड़े-निशाणों, झोड़े, चाचरी, भगनौल और सामुदायिक आयोजनों में दिखाई देती है।

आज सोमनाथ मेला केवल व्यापार अथवा मनोरंजन का अवसर नहीं, बल्कि स्थानीय समाज की सामूहिक स्मृति, लोकसंस्कृति और ऐतिहासिक विरासत को अगली पीढ़ियों तक पहुँचाने वाला महत्त्वपूर्ण आयोजन है। इसकी परंपराओं का अध्ययन उत्तराखण्ड के क्षेत्रीय इतिहास और लोकजीवन को समझने की दृष्टि से विशेष महत्त्व रखता है।

इसे भी पढ़े:पश्चिमी रामगंगा घाटी में गोरखा शासन : किलों से कचहरी तक, न्याय-व्यवस्था, कठोर दण्ड और कर-नीति

"जड़ों को जानना ही भविष्य को दिशा देना है।"
— जड़ों से जुड़कर भविष्य की ओर

"थात- जड़ों से जुड़कर भविष्य की ओर" फेसबुक पेज से जुड़ने के लिये यहाँ क्लिक करें:


लेखक: डॉ. भावना जुयाल
© डॉ. भावना जुयाल, 2026. सर्वाधिकार सुरक्षित।
(इस लेख का कोई भी भाग लेखक की पूर्व अनुमति के बिना पुनर्प्रकाशित नहीं किया जा सकता।)

कुमाऊँ की पारम्परिक खानपान संस्कृति : पहाड़ के अनाज, वन्य फल और विलुप्त होती स्वाद की विरासत

 इतिहास, लोकजीवन एवं लोकसंस्कृति पर आधारित शोधपरक आलेख प्रस्तावना : प्रकृति की थाली में सजा पहाड़ का स्वाद मनुष्य के जीवन में भोजन केवल भूख ...