सोमनाथ मेले का इतिहास: सोविया कुलाल की वीरगाथा और ओड़ा भेंटने की अनूठी परंपरा

 

1. सोमनाथ मेले का ऐतिहासिक परिचय

उत्तराखण्ड के कुमाऊँ क्षेत्र में आयोजित होने वाला सोमनाथ मेला केवल एक धार्मिक एवं व्यापारिक आयोजन नहीं, बल्कि स्थानीय इतिहास, लोकपरंपराओं, सामाजिक संबंधों और सांस्कृतिक विरासत का महत्त्वपूर्ण प्रतीक है। मासी स्थित श्री सोमनाथेश्वर मंदिर के नाम पर इस मेले का नाम सोमनाथ मेला पड़ा।

अपने प्रारम्भिक दौर में यह मेला बमोरी नामक स्थान पर आयोजित किया जाता था, इसलिए इसे ‘बमोरी सोमनाथ’ कहा जाता था। कालान्तर में व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार के साथ मेले का स्वरूप भी बड़ा होता गया। बमोरी में स्थान की कमी होने के कारण इसे भटोली नामक स्थान पर स्थानान्तरित कर दिया गया। इसके बाद यह ‘भटोली सोमनाथ’ के नाम से प्रसिद्ध हुआ।

समय के साथ इस मेले से सल्टिया मेला भी जुड़ गया। इसके पीछे एक ऐसी ऐतिहासिक घटना का उल्लेख मिलता है, जिसने मेले के स्वरूप, आयोजन-स्थल और इससे जुड़ी परंपराओं को एक नया रूप दिया।

2. कन्नौज से मासी तक: कनौंणियाँ बिष्टों का आगमन

माना जाता है कि 1520 के दशक में मुगल सम्राट बाबर के भारत पर आक्रमण के दौरान कुछ कुलीन एवं सम्भ्रान्त लोग कन्नौज छोड़कर पहाड़ों की ओर पलायन कर गए (खालिद बशीर-"कान्क्वेस्ट ऑफ इंडिया बाइ बाबर")। इनमें से कुछ लोग अपने कुल पुरोहित फुलोरिया तथा सेवक कुलालों को साथ लेकर पश्चिमी रामगंगा नदी के तट पर, वर्तमान मासी क्षेत्र में आकर बस गए।

मूल रूप से कन्नौज के निवासी होने के कारण ये लोग ‘कनौजिया बिष्ट’ कहलाए। कालान्तर में यह नाम अपभ्रंश होकर ‘कनौंणियाँ बिष्ट’ के रूप में प्रचलित हो गया।

समय के साथ इन तीनों परिवारों का विस्तार हुआ और उनका कुटुम्ब एक गाँव के रूप में विकसित हो गया। कुछ समय पश्चात् बिष्ट भाई अलग-अलग स्थानों पर बस गए। फलस्वरूप चार कनौंणियाँ बिष्ट ग्राम तथा एक ग्राम पुरोहित फुलोरिया लोगों का, अस्तित्व में आए। ये ग्राम क्रमशः कनौंणियाँ, आदिग्राम कनौंणियाँ, डांग, काला चौना तथा आदिग्राम फुलोरिया के नाम से जाने गए।

कुलाल वंश कनौंणियाँ बिष्टों के मंत्री एवं सलाहकार के रूप में प्रतिष्ठित हो गया। चंदकाल में थोकदारी प्रथा का उद्भव हुआ और कनौंणियाँ बिष्टों को भी थोकदारी प्राप्त हो गई।

इसे भी पढ़े: उत्तराखण्ड का प्रारम्भिक ऐतिहासिक काल (भाग-5) ब्रह्मपुर के बाद कार्तिकेयपुर का उदय : हिमालय में एक नई राजनीतिक शक्ति और कत्यूरी परंपरा

3. कनौंणियाँ बिष्ट और कुलाल वंश के बीच संघर्ष

कालान्तर में एक छोटे-से वैचारिक मतभेद ने कनौंणियाँ थोकदारों और कुलाल वंश के बीच संघर्ष की स्थिति उत्पन्न कर दी। यह विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच युद्ध की नौबत आ गई। इस संघर्ष में कनौंणियाँ थोकदारों द्वारा कुलाल वंश को लगभग समाप्त कर दिया गया।

इस भीषण नरसंहार के समय कुलाल परिवार की एक गर्भवती महिला अपने मायके सल्ट गई हुई थी। इसी कारण वह और उसके गर्भस्थ शिशु की जान बच गई। मायके में उस महिला ने एक सुंदर बालक को जन्म दिया, जिसका नाम सोविया अथवा सोबन सिंह कुलाल रखा गया।

यही बालक आगे चलकर सोमनाथ मेले से जुड़ी ऐतिहासिक लोककथा का प्रमुख पात्र बना।

4. सोविया कुलाल की प्रतिज्ञा और प्रतिशोध की कथा

जब सोविया लगभग चार-पाँच वर्ष का हुआ, तो उसके साथी उसे चिढ़ाने लगे। इससे उसके मन में अपने पिता और परिवार के विषय में जानने की जिज्ञासा उत्पन्न हुई। वह अपनी माता से बार-बार प्रश्न करने लगा। कुछ समय तक माता उसे टालती रही, लेकिन अन्ततः माँ ने अपने परिवार के साथ हुई पूरी घटना उसे सुना दी।

अपने परिवार के विनाश की कहानी जानकर सोविया प्रतिशोध लेने के लिए दृढ़प्रतिज्ञ हो गया। उसकी मनःस्थिति को देखते हुए माता ने उसे बताया कि गेहूँ की फसल कटने के बाद प्रत्येक वर्ष वैशाख माह में कनौंणियाँ थोकदार मनोरंजन के लिए नृत्य-गायन का आयोजन करते हैं। इस आयोजन में भाग लेने के लिए यहाँ से एक हुड़किया अपनी पत्नी के साथ प्रतिवर्ष वहाँ जाता है। वह इस घटना और वहाँ के लोगों के विषय में सब कुछ जानता है।

सोविया उस हुड़किया के पास पहुँचा और उससे तत्कालीन कनौंणियाँ थोकदार मलदेव कनौंणियाँ की हत्या करके अपने परिवार का प्रतिशोध लेने में सहायता करने की गुहार लगाई।

हुड़किया उसकी सहायता के लिए तैयार हो गया। उसने सोविया को खंजर नृत्य सिखाया। नियत समय आने तक सोविया इस नृत्य में पारंगत हो गया।

इसे भी पढ़े: कत्यूरी राजवंश की शाखाएँ : पाली-पछाऊँ, अस्कोट, डोटी, सीरा और सोर का इतिहास

5. भटोली में मलदेव कनौंणियाँ की हत्या

वैशाख माह में आयोजित होने वाले लोकोत्सव का समय आया तो सोविया कुलाल भी हुड़किया के साथ मासी पहुँचा। रामगंगा नदी के बाएँ तट पर स्थित भटोली गाँव में परम्परानुसार लोकोत्सव प्रारम्भ हुआ।

सोविया अपने लक्ष्य को पहचानता नहीं था। इसलिए दोनों ने योजना बनाई कि खंजर नृत्य के दौरान हुड़किया जिस व्यक्ति के सामने आने पर संकेत करते हुए हुड़के पर जोर से थाप देगा, वही उसका लक्ष्य होगा।

योजना सफल हुई और मलदेव कनौंणियाँ मारा गया। मेले में भगदड़ मच गई। इस अफरा-तफरी का लाभ उठाकर हुड़किया सोविया कुलाल को रामगंगा नदी के उस पार ले गया।

नदी पार पहुँचने के बाद सोविया हुड़किया और निशाणों को छोड़कर ऊपर की ओर भागा। उस स्थान पर सिमौ अर्थात सेमल का एक वृक्ष था। इसी कारण वह स्थान आगे चलकर ‘हुड़की सिमौ’ के नाम से जाना गया।

6. ‘लो मैं मेला मासी ले आया हूँ’: मासी और कनौंणियाँ थोकों का संघर्ष

मलदेव की हत्या के बाद पूरा मेला सोविया के पीछे भागा। हुड़की सिमौ पर हुड़किया और निशाणों को देखकर भीड़ वहीं रुक गई, लेकिन मलदेव थोकदार के लोग सोविया को मारने के लिए उसका पीछा करते रहे।

सोविया जानता था कि थोकदारों के लिए उनकी प्रतिष्ठा अत्यन्त महत्त्वपूर्ण होती है। अपनी जान बचाने के लिए उसने इसी मनोविज्ञान का सहारा लिया।

मासी गाँव पहुँचकर उसने वहाँ के थोकदारों को आवाज लगाई—

“लो मैं मेला मासी ले आया हूँ, सम्भालो अपना मेला।”

यह सुनकर मासी के थोकदारों ने इसे अपनी प्रतिष्ठा का प्रश्न समझा। उन्होंने अपने लोगों को एकत्र किया और सभी हुड़की सिमौ की ओर दौड़ पड़े।

एक ओर कनौंणियाँ लोग सोविया को मारने के लिए आ रहे थे, तो दूसरी ओर मासीवाल लोग अपने मेले की प्रतिष्ठा बचाने के लिए आगे बढ़ रहे थे। दोनों थोकों के लोग आपस में भिड़ गए और दोनों ओर से पत्थरों की बौछार होने लगी।

इस घटना के बाद दोनों थोकों के बीच शत्रुता उत्पन्न हो गई। प्रतिवर्ष, मेले के दिन दोनों पक्ष नदी तक पहुँचने के लिए नगाड़े-निशाण लेकर दौड़ते और एक-दूसरे पर पत्थरों की बौछार करते हुए नदी पर पहुँचकर एक घूँट पानी पीते थे। इस परंपरा को ‘ओड़ा भेंटने’ की रस्म कहा जाता था।

इस घटना के बाद माना जाने लगा कि मेला भटोली से मासी क्षेत्र में आ गया है और अब इसका आयोजन यहीं किया जाएगा।

इसे भी पढ़े: पश्चिमी रामगंगा घाटी का पौराणिक महत्त्व | महाभारत, रामायण और लोकस्मृतियों में उत्तराखण्ड

7. सोमनाथी थौ: मेले का नया आयोजन-स्थल

मासी के थोकदारों ने हुड़की सिमौ से लगभग 300 मीटर ऊपर स्थित एक समतल खेत को मेले के लिए निर्धारित किया। उस खेत में पीपल और तुन के वृक्ष थे।

पीपल के वृक्ष के चारों ओर एक चबूतरा बनाया गया, जिसे ‘सोमनाथी थौ’ अर्थात सोमनाथ की चौकी नाम दिया गया। इसके बाद से प्रतिवर्ष सोमनाथ मेला इसी स्थान पर आयोजित होने लगा।

इस प्रकार सोमनाथ मेले का इतिहास केवल एक स्थान से दूसरे स्थान पर इसके स्थानान्तरण की कहानी नहीं है, बल्कि इसके साथ जुड़ी लोकमान्यताओं, थोकों की प्रतिष्ठा और सामुदायिक परंपराओं का भी इतिहास है।

8. सोविया के बच निकलने की दूसरी लोककथा

सोमनाथ मेले से जुड़ी एक अन्य लोककथा के अनुसार, जब सोविया मासी गाँव पहुँचा, तब भी कनौंणियाँ लोग उसका पीछा कर रहे थे। अपनी जान बचाने के लिए वह दौड़ते हुए एक महिला की खरीक अर्थात गौशाला में पहुँचा।

संयोगवश उस समय महिला की भैंस का प्रसव हो रहा था। सोविया ने महिला से उसे बचाने की गुहार लगाई और महिला ने उसे अपनी खरीक में छिपा लिया।

जब पीछा करते हुए आए लोगों ने सोविया के विषय में पूछा, तो महिला ने अनभिज्ञता प्रकट की। लोगों ने जब खरीक के भीतर जाकर उसे खोजने का प्रयास किया, तो महिला ने उन्हें यह कहकर रोक दिया कि अन्दर उसकी भैंस का प्रसव हो रहा है और वे भीतर नहीं जा सकते।

इस प्रकार महिला ने भीड़ को भ्रमित करके वहाँ से लौटा दिया। सभी लोगों के चले जाने के बाद सोविया ने महिला को धन्यवाद दिया और वहाँ से निकल गया।

कुछ दूर कनरै ग्राम के पास दुबाड़ी में खनकटरा नामक स्थान पर पहुँचकर उसके मन में संदेह उत्पन्न हुआ कि मलदेव की मृत्यु हुई भी होगी या नहीं।

उसी समय उसे एक विशाल शिलाखण्ड दिखाई दिया। उसके हाथ में अभी भी खंजर था। उसने शिला पर उतनी ही जोर से खंजर मारा, जितनी जोर से मलदेव पर वार किया था। उसने मन ही मन सोचा कि यदि पत्थर के दो टुकड़े हो गए, तो निश्चय ही उसका शत्रु भी मृत्यु को प्राप्त हो गया होगा।

किवदन्ती के अनुसार, शिला के दो टुकड़े हो गए। उधर मलदेव भी खंजर के घातक वार से तत्काल दिवंगत हो चुका था। इस प्रकार संतुष्ट होकर सोविया छिपते-छिपाते सुरक्षित अपने घर पहुँच गया।

इसे भी पढ़े: चंद राजवंश का इतिहास | सोमचंद से महेंद्र चंद तक | कुमाऊँ का इतिहास

9. मलदेव से जुड़ी लोकमान्यता और ‘न्यौतणा’ की परंपरा

एक अन्य किवदन्ती के अनुसार, मलदेव अत्यन्त बलिष्ठ और लम्बे-चौड़े शरीर वाला व्यक्ति था। कहा जाता है कि वह एक वक्त के भोजन में 16 से 20 मन तक अनाज खा जाता था। अपनी हत्या से ठीक पहले भी वह भोजन करके आया था।

लोकमान्यता के अनुसार, जब सोविया ने मलदेव के पेट में खंजर मारा, तो उसके पेट से 16 मन मसूर की दाल और बहुत अधिक मात्रा में ‘मोअरासीम’ नामक नौले का पानी निकला।

वर्तमान में भी कनौंणियाँ और मासी थोक के लोग ‘न्यौतणा’ मनाते हैं। इसके अन्तर्गत कनौंणियाँ थोक सोमनाथ मेले से एक सप्ताह पूर्व, अर्थात सोमवार से, मलदेव थोकदार को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए मसूर की दाल और मोअरासीम नौले के पानी का वर्जन करता है।

यह वर्जन अगले सोमवार, अर्थात सोमनाथ मेले के दिन, ओड़ा भेंटने की रस्म के बाद ही समाप्त होता है। दूसरी ओर मासी आल इसी सोमवार को हलुआ-पूरी बनाकर त्योहार के रूप में मनाता है।

इस प्रकार मेले से जुड़ी परंपराओं में एक ओर स्मृति और श्रद्धांजलि का भाव दिखाई देता है, तो दूसरी ओर उत्सव और सामुदायिक उल्लास की अभिव्यक्ति भी मिलती है।

10. ओड़ा भेंटने की रस्म: संघर्ष से समझौते तक

मलदेव की हत्या की घटना के परिणामस्वरूप मासी और कनौंणियाँ गाँवों के बीच शत्रुता उत्पन्न हो गई। अगले वर्ष मेले का समय आया तो दोनों थोकों के लोग नगाड़े-निशाण लेकर नदी की ओर दौड़े और नदी में पत्थरों की बरसात करने लगे। जो पक्ष पहले ओड़ा भेंटता, वह स्वयं को विजयी घोषित करता।

कई वर्षों तक यह सिलसिला चलता रहा। शत्रुता के कारण मेले के समय विवाद की आशंका बनी रहती थी। कई बार छोटी-मोटी झड़पें होती थीं और पत्थर लगने से लोग घायल भी हो जाते थे।

दोनों थोकों के हितों को देखते हुए कुछ समय बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ। इसके अनुसार, दोनों पक्ष नगाड़े-निशाण लेकर अपनी-अपनी दिशाओं से नदी के दोनों ओर समान दूरी पर एकत्रित होंगे। निर्धारित स्थान से दौड़ने पर जो आल पहले नदी तक पहुँचेगा, उसकी जीत मानी जाएगी।

कुछ वर्षों बाद दोनों आलों के बीच फिर से विवाद उत्पन्न हो गया। इसके बाद परगना मैजिस्ट्रेट पाली द्वारा दोनों पक्षों के बीच राजीनामा करवाया गया।

संशोधित समझौते के अनुसार निर्णय लिया गया कि पहले वर्ष कन्हौणी आल के लोग नगाड़े-निशाण लेकर पहले नदी तक पहुँचेंगे और दूसरे वर्ष मासी आल के लोग। इस प्रकार दोनों पक्षों के बीच बारी-बारी से क्रम चलता रहेगा।

नियम के अनुसार, पहले पहुँचने वाला आल नदी पर पहुँचकर अपराह्न ठीक 2 बजे मेले के निर्धारित स्थान पर पहुँच जाएगा। इसके बाद दूसरा आल अपनी यात्रा प्रारम्भ करेगा।

मासी आल की ओर से 10 जोड़ी नगाड़े-निशाण आते थे, जिनमें 9 जोड़ी मासी आल और 1 जोड़ी सल्ट की होती थी। वहीं कन्हौणी आल की ओर से 4 जोड़ी नगाड़े-निशाण आते थे।

इस व्यवस्था के बाद मेले का आयोजन शांतिपूर्वक होने लगा। दोनों आल नदी पर पहुँचने के पश्चात् पारम्परिक लोकनृत्य ‘सरंकार’ का मंचन करते हुए नगाड़े-निशाण लेकर नाचते-गाते निर्धारित स्थल की ओर बढ़ते थे।

इसे भी पढ़े: उत्तराखण्ड में गोरखा शासन : ‘गोरख्याली’ के पच्चीस वर्ष

11. सोमनाथ मेला: व्यापार और जनजीवन का प्रमुख केन्द्र

धीरे-धीरे सोमनाथ मेले की ख्याति दूर-दूर तक फैल गई। रामनगर, काशीपुर, गढ़वाल और अल्मोड़ा के अतिरिक्त हूण तथा भोटिया जैसे सीमान्त क्षेत्रों के व्यापारी भी मेले में भाग लेने आने लगे।

मेले में बैलों का व्यापार बहुतायत में होता था (सक्सेना, 2016)। इनमें ‘भाबरी बैल’ विशेष रूप से प्रसिद्ध थे। सूई से लेकर सम्बल तक, बिन्दी से लेकर कपड़ों तक, गृहस्थी और साज-सज्जा से जुड़ी लगभग सभी आवश्यक वस्तुएँ मेले में उपलब्ध होती थीं।

व्यापार के साथ-साथ मनोरंजन भी मेले का प्रमुख आकर्षण था। चरखे, झूले, मौत का कुआँ, जादूगर और मदारी जैसे मनोरंजन के साधन लोगों के उत्साह को बढ़ाते थे। बच्चे, बूढ़े और जवान सभी वर्षभर इस मेले के आने की प्रतीक्षा करते थे।

उस समय दैनिक जीवन की आवश्यक वस्तुओं के लिए क्षेत्रीय लोग मुख्यतः रामनगर और काशीपुर जैसे बड़े बाजारों पर निर्भर रहते थे। मोटर मार्गों के अभाव में लोग पैदल ही रामनगर से मासी तक की यात्रा करते थे। ऐसी परिस्थितियों में सोमनाथ मेला क्षेत्रीय जनता के लिए किसी वरदान से कम नहीं था।

यह मेला व्यापारियों के लिए भी जीविकोपार्जन का महत्त्वपूर्ण साधन था। व्यापारी मेले से लगभग 7–8 दिन पहले पहुँचकर अपनी दुकानें लगाना शुरू कर देते थे और 7–8 दिन बाद वापस लौटते थे। इस प्रकार प्रारम्भिक काल में सोमनाथ मेला लगभग 15 दिनों तक चलता था।

12. आधुनिकता का प्रभाव और मेले के स्वरूप में परिवर्तन

समय के साथ वैश्वीकरण का प्रभाव बढ़ा और क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछने लगा। दूरस्थ गाँवों तक मोटर मार्ग पहुँचने से सड़कों के किनारे नए बाजार विकसित हुए। दैनिक आवश्यकताओं की वस्तुएँ सरलता से उपलब्ध होने लगीं और धीरे-धीरे लोगों का मेलों के प्रति उत्साह कम होने लगा।

सन् 1962 के भारत-चीन युद्ध के बाद हूण व्यापारियों का यहाँ आना बन्द हो गया। इसके बाद सन् 1970 के दशक में सल्ट से आने वाले नगाड़े-निशाण भी आने बन्द हो गए।

इन परिवर्तनों के बीच दोनों आल के थोकदारों ने विचार-विमर्श किया और क्षेत्रीय जनता की इच्छानुसार मेले का स्थान बदलने का निर्णय लिया। इसके बाद सरस्वती शिशु मंदिर, मासी के प्रांगण को मेले का मुख्य स्थल निर्धारित किया गया। तब से प्रतिवर्ष दोनों आल अपने-अपने नगाड़े-निशाण लेकर वहीं पहुँचते हैं।

साक्षरता दर बढ़ने और बेहतर जीवन एवं रोजगार की तलाश में लोगों के गाँवों से पलायन के कारण मेले की अवधि भी घटने लगी। 8 से 10 दिनों तक चलने वाला सोमनाथ मेला (डी. डी. शर्मा, 2007) सन् 2015 तक सिमटकर केवल 4 दिनों का रह गया।

कालान्तर में मेले के आयोजन के लिए मेला समिति का गठन किया गया। सन् 2015 में मेला समिति और व्यापार मण्डल मासी के संयुक्त प्रयासों से सल्टिया मेला पुनः प्रारम्भ हुआ। मेले में विभिन्न प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाने लगीं और विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाने लगा।

इसे भी पढ़े: उत्तराखण्ड में ब्रिटिश शासन और पश्चिमी रामगंगा घाटी | मासी–पाली का आधुनिक इतिहास

13. सोमनाथ मेले का वर्तमान स्वरूप

वर्तमान में सोमनाथ मेले का स्वरूप पुनः विकसित हुआ है। अब यह मेला फिर से लगभग एक सप्ताह तक चलने लगा है। मेले के दौरान 5–6 दिनों तक झोड़े, चाचरी, भगनौल, नाटक, लोकनृत्य तथा अन्य रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

मेले की परंपराओं के अनुसार रविवार से शनिवार तक अलग-अलग दिनों में विविध आयोजन होते हैं। इन आयोजनों में सल्टिया मेला, ठुल सोमनाथ, नान् सोमनाथ, दुकाने कौतीक और मीना बाजार प्रमुख हैं।


14. निष्कर्ष: इतिहास, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का संगम

सोमनाथ मेला मासी क्षेत्र की ऐतिहासिक स्मृतियों, स्थानीय लोककथाओं, व्यापारिक गतिविधियों और सांस्कृतिक परंपराओं का एक महत्त्वपूर्ण संगम है। बमोरी से भटोली और फिर मासी तक की इसकी यात्रा, सोविया कुलाल से जुड़ी लोककथाएँ, कनौंणियाँ और मासी आलों के बीच ओड़ा भेंटने की रस्म तथा सल्टिया मेले का पुनः प्रारम्भ होना इसके बहुआयामी इतिहास को सामने लाते हैं।

समय के साथ परिवर्तित होते सामाजिक और आर्थिक परिवेश ने मेले के स्वरूप को प्रभावित किया, लेकिन इसकी पारम्परिक पहचान आज भी लोकनृत्यों, नगाड़े-निशाणों, झोड़े, चाचरी, भगनौल और सामुदायिक आयोजनों में दिखाई देती है।

आज सोमनाथ मेला केवल व्यापार अथवा मनोरंजन का अवसर नहीं, बल्कि स्थानीय समाज की सामूहिक स्मृति, लोकसंस्कृति और ऐतिहासिक विरासत को अगली पीढ़ियों तक पहुँचाने वाला महत्त्वपूर्ण आयोजन है। इसकी परंपराओं का अध्ययन उत्तराखण्ड के क्षेत्रीय इतिहास और लोकजीवन को समझने की दृष्टि से विशेष महत्त्व रखता है।

इसे भी पढ़े:पश्चिमी रामगंगा घाटी में गोरखा शासन : किलों से कचहरी तक, न्याय-व्यवस्था, कठोर दण्ड और कर-नीति

"जड़ों को जानना ही भविष्य को दिशा देना है।"
— जड़ों से जुड़कर भविष्य की ओर

"थात- जड़ों से जुड़कर भविष्य की ओर" फेसबुक पेज से जुड़ने के लिये यहाँ क्लिक करें:


लेखक: डॉ. भावना जुयाल
© डॉ. भावना जुयाल, 2026. सर्वाधिकार सुरक्षित।
(इस लेख का कोई भी भाग लेखक की पूर्व अनुमति के बिना पुनर्प्रकाशित नहीं किया जा सकता।)

पश्चिमी रामगंगा घाटी : भौगोलिक एवं पर्यावरणीय परिचय

 

पश्चिमी रामगंगा घाटी : जहाँ नदी के साथ बहता है इतिहास 

एक नदी, एक घाटी और प्रकृति की गोद में विकसित होती मानव सभ्यता की कहानी

मध्य हिमालय की ऊँचाइयों में जन्म लेने वाली यह नदी उत्तराखण्ड के पर्वतीय जीवन की प्राणदायिनी धारा है। दूधातोली की पर्वत-श्रेणियों से निकलकर गहरी-संकरी घाटियों और खड़ी पहाड़ियों के बीच बहती हुई यह कालागढ़ तक पहुँचती है और फिर मैदानों की ओर उतर जाती है। रास्ते में अनेक सरिताएँ और लघुसरिताएँ इसमें मिलती हैं और इसकी जलधारा को निरन्तर समृद्ध करती जाती हैं।

लेकिन रामगंगा की कहानी केवल भूगोल की कहानी नहीं है।

इसके साथ स्थानीय मान्यताएँ, लोकस्मृतियाँ, कृषि, वन, मानव बसावट, सांस्कृतिक परम्पराएँ और प्राचीन मानव गतिविधियों के अध्ययन की संभावनाएँ भी जुड़ी हुई हैं। इसीलिए पश्चिमी रामगंगा घाटी को देखना वास्तव में प्रकृति और मानव के सहस्राब्दियों पुराने संबंध को देखना है। 

इसे भी पढ़े: पश्चिमी रामगंगा घाटी की पुरातात्त्विक अभिज्ञता : कपमार्क्स, शैलाश्रय और महापाषाणीय संस्कृति के साक्ष्य। 


1.2 पश्चिमी रामगंगा घाटी : एक परिचय एक परिचय

1.2.1 भौगोलिक एवं पर्यावरणीय समावेशन

भारतवर्ष के छोटे से पर्वतीय राज्य उत्तराखण्ड में प्रवाहित होने वाली पश्चिमी रामगंगा यहाँ के निवासियों के लिए प्रकृति का एक अनन्य उपहार है। पर्वतीय जीवन में जल का महत्त्व केवल पेयजल तक सीमित नहीं रहता; वह कृषि, पशुपालन, वन-पर्यावरण और मानव बसावट के लिए भी आधार प्रदान करता है।

इसी अर्थ में रामगंगा को इस क्षेत्र की प्राणदायिनी नदी कहा जा सकता है।

इस नदी का उद्गम मध्य हिमालय में स्थित दूधातोली पर्वत-श्रेणी में माना जाता है। दूधातोली को उसके व्यापक पर्वतीय स्वरूप के कारण ‘उत्तराखण्ड का पामीर’ भी कहा जाता है।

रामगंगा का उद्गम-बिन्दु दूधातोली पर्वत के दिवालीखाल क्षेत्र में स्थित कालीमाटी के रामनाली नामक स्थान को माना जाता है।

यहीं से रामगंगा की भौगोलिक यात्रा के साथ एक सुंदर लोककथा भी जुड़ती है।

रामनाली की कथा : जहाँ लोकविश्वास में जन्म लेती है नदी

स्थानीय मान्यता के अनुसार, 14 वर्ष के वनवास के दौरान श्रीराम, सीता और लक्ष्मण इस क्षेत्र से होकर गुजरे थे। यात्रा के दौरान सीताजी को प्यास लगी। तब श्रीराम ने धरती पर बाण चलाया और वहाँ से जलधारा प्रस्फुटित हुई।

लोकमान्यता में इसी जलधारा को आगे चलकर रामगंगा के नाम से जाना गया और उस स्थान का नाम रामनाली पड़ा।

आज भी इस स्थान से धार्मिक आस्था जुड़ी हुई है और यहाँ भगवान राम का मंदिर स्थित है। स्थानीय परम्परा में यह भी माना जाता है कि कुछ समय पश्चात् किशन बाबा नामक संत ने यहाँ राम मंदिर का निर्माण करवाया।

इस प्रकार रामनाली केवल एक भौगोलिक बिन्दु नहीं रह जाता।

यहाँ नदी, लोकविश्वास और धार्मिक स्मृति एक-दूसरे से जुड़ जाते हैं।

इसे भी पढ़े: पश्चिमी रामगंगा घाटी के महापाषाणीय शवाधान : पत्थरों में सुरक्षित एक विलुप्त सभ्यता की स्मृतियाँ


दूधातोली से कालागढ़ तक : नदी की पर्वतीय यात्रा

रामनाली से निकलने के बाद नदी दो छोटी जलधाराओं के रूप में दक्षिण दिशा की ओर बहती है। लगभग 1677 मीटर की ऊँचाई पर स्थित धनियाँ घाट की ओर बढ़ते हुए यह आगे दक्षिण-पश्चिम दिशा ग्रहण करती है।

इसके बाद नदी गैरसैंण-चौखुटिया होते हुए बूढ़ा केदार, लगभग 832 मीटर, और फिर भिकियासैंण, लगभग 761 मीटर, से होकर आगे बढ़ती है और लगभग 262 मीटर की ऊँचाई पर उत्तराखण्ड में अपने अंतिम पड़ाव कालागढ़ तक पहुँचती है।

CWC में प्रकाशित अग्रीकल्चरल फ़ाईनेन्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड, हैदराबाद (2012) की रिपोर्ट में दिए गए विवरण के अनुसार रामनाली से कालागढ़ तक नदी की कुल लम्बाई लगभग 158 किमी. है।

लेकिन यह यात्रा यहीं समाप्त नहीं होती।

रास्ते में रामगंगा अनेक सहायक नदियों और जलधाराओं को अपने में समाहित करती है।

इनमें—

गगास, नैल, देवगढ़, विनो, खतरोन, बदानगाड़, हल्दगाड़, बिरमा, ढेला, कोसी, पलैन, सोन, मंडल तथा कोह/खोह—प्रमुख रूप से उल्लेखनीय हैं।

इन सभी सहायक धाराओं का जल अपने भीतर समेटते हुए पश्चिमी रामगंगा अपनी आगे की यात्रा जारी रखती है और लगभग 610 किमी. की कुल यात्रा के बाद कन्नौज के पास गंगा नदी में समाहित हो जाती है।

आधुनिक केंद्रीय जल आयोग के अभिलेख भी रामगंगा को दूधातोली से निकलने वाली गंगा की प्रमुख सहायक नदी के रूप में दर्ज करते हैं और कालागढ़ के बाद इसके मैदानी प्रवाह तथा कन्नौज के निकट गंगा में मिलने की पुष्टि करते हैं।

इस तरह दूधातोली की एक छोटी पर्वतीय जलधारा अंततः गंगा की विराट जलधारा का हिस्सा बन जाती है।

यही नदी की यात्रा का सबसे सुंदर रूपक है—अपनी पहचान बनाए रखते हुए भी एक बड़ी धारा का हिस्सा बन जाना।


कालागढ़ : जहाँ पहाड़ से मैदान की ओर खुलता है रास्ता

उत्तराखण्ड में पश्चिमी रामगंगा का विस्तार दूधातोली पर्वत से पौड़ी गढ़वाल स्थित कालागढ़ तक माना जाता है।

कालागढ़ में रामगंगा बाँध का निर्माण किया गया है, जिसके कारण इसे कालागढ़ बाँध के नाम से भी जाना जाता है।

यहीं से नदी पर्वतीय भूभाग से निकलकर मैदानी क्षेत्र में प्रवेश करती है और उत्तर प्रदेश की सीमा में भी पहुँच जाती है।

अजय रावत (2002) के अनुसार पश्चिमी रामगंगा गंगा अपवाह तंत्र की प्रमुख सहायक नदियों में से एक है।

हालाँकि रामगंगा का गंगा से संगम उत्तराखण्ड में नहीं होता। वह उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के निकट गंगा में मिलती है। आधुनिक सरकारी जल संसाधन अभिलेख भी इस संगम को कन्नौज के निकट ही दर्ज करते हैं।

इस प्रकार रामगंगा का जीवन-क्षेत्र उत्तराखण्ड के पर्वतों से आरम्भ होकर उत्तर प्रदेश के मैदानी भूभाग तक विस्तृत हो जाता है।


नदी के किनारे की भूमि ही बनती है रामगंगा घाटी

दूधातोली पर्वत-श्रेणी से कालागढ़ तक पहुँचने के दौरान अनेक छोटी-बड़ी सरिताएँ रामगंगा में मिलती रहती हैं।

इन जलधाराओं के कारण नदी का प्रवाह निरन्तर बढ़ता है और इसके आसपास का पूरा भू-दृश्य एक विस्तृत नदी-तंत्र का रूप लेता है।

पश्चिमी रामगंगा नदी तंत्र के आसपास की तटीय भूमि को ही रामगंगा घाटी कहा जाता है।

यह घाटी मध्य हिमालयी पर्वत-श्रेणियों में अवस्थित है।

बी. पी. जोशी (1998) के अनुसार मध्य हिमालय का विस्तार उत्तराखण्ड के नौ जिलों—

उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, नैनीताल एवं चम्पावत

तक माना गया है।

मध्य हिमालय की ये पर्वत-श्रेणियाँ अलग-अलग चौड़ाई के साथ लगभग 06.45 किमी. से 96.56 किमी. तक विस्तृत हैं।

इनमें से चार जिले—पौड़ी गढ़वाल, चमोली, अल्मोड़ा और नैनीताल—पश्चिमी रामगंगा नदी के प्रवाह क्षेत्र से जुड़े हैं।


मानचित्र पर एक नजर : कहाँ स्थित है यह घाटी?





उत्तराखण्ड में पश्चिमी रामगंगा क्षेत्र का विस्तार दूधातोली से कालागढ़ तक लगभग—

29°30'54.10" उत्तर से 30°3'50.32" उत्तरी अक्षांश

तथा

78°45'34.67" पूर्व से 79°11'17.71" पूर्वी देशान्तर

के मध्य बताया गया है।

ये भौगोलिक निर्देशांक केवल नक्शे की रेखाएँ नहीं हैं।

इनके भीतर एक ऐसा भू-दृश्य समाया हुआ है जहाँ ऊँचे पर्वत, गहरी घाटियाँ, जंगल, खेत, चरागाह और जलधाराएँ मिलकर एक विशिष्ट हिमालयी पर्यावरण बनाते हैं।


अपेक्षाकृत स्वच्छ जल : औद्योगिक दबाव से दूर एक नदी

पश्चिमी रामगंगा के जलग्रहण क्षेत्र की एक महत्त्वपूर्ण विशेषता इसका अपेक्षाकृत कम औद्योगिक दबाव है।

वर्मा (2013) के अनुसार इस जलसमेट क्षेत्र में अपेक्षाकृत अधिक मानवीय हस्तक्षेप तथा किसी बड़े औद्योगिक कारखाने की अनुपस्थिति के कारण नदी का जल प्रदूषित नहीं है।

यह तथ्य इसलिए भी महत्त्वपूर्ण है क्योंकि पर्वतीय नदियों का स्वास्थ्य उनके पूरे जलग्रहण क्षेत्र से जुड़ा होता है।

यदि ऊपर के जंगल सुरक्षित हैं, छोटी जलधाराएँ जीवित हैं और प्रदूषण का दबाव सीमित है, तो उसका प्रभाव पूरी नदी पर पड़ता है।

इसलिए रामगंगा को समझने का अर्थ केवल नदी के मुख्य प्रवाह को समझना नहीं है—

उसकी प्रत्येक छोटी धारा को समझना भी उतना ही आवश्यक है।


3114 मीटर से 262 मीटर : ऊँचाई में छिपी विविधता

पश्चिमी रामगंगा घाटी का भूगोल अत्यन्त विविध है।

इस क्षेत्र की प्रमुख विशेषताएँ हैं—

खड़ी पहाड़ियाँ और गहरी-संकरी घाटियाँ।

दूधातोली के मुख्य पर्वत की ऊँचाई लगभग 3114 मीटर है।

दूधातोली पर्वत-श्रेणी की औसत ऊँचाई लगभग 2900 मीटर के आसपास बताई गई है।

इसके विपरीत कालागढ़ की ऊँचाई लगभग 262 मीटर है।

अर्थात् रामगंगा का जलसमेट क्षेत्र लगभग 262 मीटर से 3114 मीटर की ऊँचाई के बीच फैला हुआ है।

पिसाइन डाइवर्सिटी, कॉम्युनिटी स्ट्रक्चर एण्ड डिस्ट्रीब्यूसन पेटर्न्स ऑफ द वेस्ट रामगंगा रिवर: ए मिड-हिमालयन ट्रिब्यूटरी ऑफ रिवर गंगा (2020) के अनुसार यह क्षेत्र लगभग 313400 हेक्टेयर अथवा 32,493 किमी² भूमि पर फैला हुआ है।

इस क्षेत्र का लगभग—

  • 50 प्रतिशत भाग वनाच्छादित है,

  • 30 प्रतिशत भूमि पर खेती होती है,

  • जबकि शेष भूभाग में घास के मैदान अथवा बुग्याल पाए जाते हैं।

उत्तर से दक्षिण इसकी लम्बाई लगभग 113 किमी. है, जबकि पश्चिम से पूर्व इसकी चौड़ाई लगभग 30 से 38 किमी. के बीच है।

यहाँ प्रकृति ने ऊँचाई के साथ भू-दृश्य को जिस तरह बदला है, वही इस घाटी की पर्यावरणीय विविधता का आधार बनता है।


एक घाटी, अनेक जलवायु

ऊँचाई में इतना बड़ा अंतर हो तो जलवायु एक जैसी कैसे रह सकती है? पश्चिमी रामगंगा घाटी में भी यही दिखाई देता है।

निचली घाटियों में मई से जुलाई के बीच गर्मी अधिक पड़ती है, जबकि ऊँची चोटियाँ इसी समय भी अपेक्षाकृत शीतल और सुखद बनी रहती हैं।

इसके विपरीत नवम्बर-दिसम्बर से फरवरी-मार्च तक ऊँची चोटियाँ हिम और कोहरे की चादर से ढक जाती हैं। घाटियों में भी प्रातःकालीन कुहासा दिखाई देना सामान्य बात है।

अर्थात्—

एक ही नदी-घाटी में मौसम का अनुभव ऊँचाई के साथ बदलता रहता है।


तापमान : बदलती जलवायु का संकेत

रानीखेत फोरेस्ट रेंज की रिपोर्ट में, 1996–2000 के दौरान किए गए सर्वेक्षण के आधार पर कैचमेंट क्षेत्र के तापमान का उल्लेख किया गया है। इसके अनुसार—

  • दिसम्बर–जनवरी में न्यूनतम औसत तापमान लगभग 3°C से 19°C के बीच,

  • जबकि मई–जुलाई में अधिकतम औसत तापमान लगभग 19°C से 36°C के बीच रहता है।

यह तापमान-विविधता भी घाटी की ऊँचाई और स्थलाकृति से जुड़ी हुई है। लेकिन इससे भी अधिक महत्त्वपूर्ण है दीर्घकालीन परिवर्तन।

टेम्परचर ओवर द हिमालयन फुट्हिल स्टेट ऑफ उत्तराखंड: प्रेजेंट एण्ड फ्यूचर (2021) के अनुसार वर्ष 2000 से 2007 के मध्य हिमालय की इस तलहटी में तापमान में लगभग 0.043°C प्रति वर्ष की बढ़ती प्रवृत्ति देखी गई।

यह आँकड़ा केवल मौसम का आँकड़ा नहीं है। यह हमें यह सोचने के लिए भी प्रेरित करता है कि तापमान में दीर्घकालीन परिवर्तन का प्रभाव भविष्य में—जलस्रोतों, वनस्पति, कृषि, बुग्यालों और स्थानीय जीवन-पद्धति पर किस प्रकार पड़ सकता है।


जब भूगोल मानव जीवन को आकार देता है

पश्चिमी रामगंगा घाटी का भूगोल केवल प्राकृतिक दृश्य नहीं बनाता; वह यहाँ रहने वाले मनुष्य की जीवन-पद्धति को भी प्रभावित करता है। जहाँ समतल भूमि सीमित है, वहाँ ढलानों पर सीढ़ीनुमा खेत बनते हैं। जहाँ जंगल हैं, वहाँ उनसे चारा, ईंधन, फल और वन-आधारित संसाधन प्राप्त होते हैं।

जहाँ बुग्याल और घास के मैदान हैं, वहाँ पशुपालन की सम्भावनाएँ बढ़ती हैं और जहाँ नदी तथा उसकी सहायक धाराएँ हैं, वहाँ जल जीवन को आधार देता है। इस तरह नदी, जंगल, कृषि और मानव जीवन एक-दूसरे से अलग-अलग इकाइयाँ नहीं हैं। वे एक ही पर्यावरणीय तंत्र के परस्पर जुड़े हुए हिस्से हैं।


नदी के किनारे मनुष्य क्यों बसता है?

इस प्रश्न का उत्तर बहुत पुराना है—

  • क्योंकि पानी जीवन है।
  • नदी पीने का पानी देती है।
  • उसके आसपास वनस्पतियाँ विकसित होती हैं।
  • वन्य जीवों की उपस्थिति रहती है।
  • खेती के लिए जल उपलब्ध होता है।
  • और पर्वतीय भूगोल में नदी घाटियाँ आवागमन के प्राकृतिक मार्ग भी बन सकती हैं।
  • इसीलिए पश्चिमी रामगंगा घाटी में भी मानव बसावट और नदी-तंत्र के बीच संबंध को समझना आवश्यक है।
  • पहाड़ की सीमित समतल भूमि ने यहाँ मनुष्य को अलग ढंग से जीना सिखाया।
  • ढलानों पर सीढ़ीदार खेत बने।
  • जंगलों ने चारा और ईंधन दिया।
  • ऊँचे क्षेत्रों ने चरागाह उपलब्ध कराए।
  • और नदी तथा छोटी धाराओं ने जीवन को पानी दिया।


सीढ़ीदार खेत : पहाड़ की सदियों पुरानी बुद्धिमत्ता

मैदानों में खेत दूर तक फैले दिखाई देते हैं। पहाड़ में खेत बनाए नहीं जाते—पहाड़ को खेत में बदला जाता है।ढलान को काटकर बनाई गई सीढ़ियाँ केवल कृषि तकनीक नहीं हैं। वे स्थानीय समाज के लंबे अनुभव का परिणाम हैं। मिट्टी को रोकना, पानी को नियंत्रित करना और सीमित भूमि का अधिकतम उपयोग करना—इन सबका ज्ञान पीढ़ी-दर-पीढ़ी विकसित हुआ।

मंडुवा, झंगोरा, जौ, गेहूँ और विभिन्न दालों जैसी फसलें इस पर्वतीय जीवन का हिस्सा रही हैं। कृषि के साथ पशुपालन भी जुड़ा रहा।

इस तरह पश्चिमी रामगंगा घाटी में मनुष्य और प्रकृति के बीच एक ऐसा संबंध विकसित हुआ जिसमें प्रकृति संसाधन भी थी और जीवन की सहयात्री भी।

और यहीं से शुरू होती है इतिहास की रोमांचक यात्रा

अब इस घाटी को केवल वर्तमान की आँखों से नहीं, बल्कि हजारों वर्ष पीछे जाकर देखने की कोशिश कीजिए।

तब न आधुनिक सड़कें थीं, न बाँध, न बिजली, न आधुनिक नगर।

लेकिन—

पर्वत थे।

जंगल थे।

जलधाराएँ थीं।

और मनुष्य भी था।

प्रश्न यह है—

क्या रामगंगा की घाटी ने प्राचीन मानव को भी अपने संसाधनों से आकर्षित किया होगा?

इस प्रश्न का उत्तर खोजते समय उत्तराखण्ड की व्यापक प्रागैतिहासिक पुरातात्त्विक परम्परा हमारे सामने आती है।

कुमाऊँ हिमालय में शैलकला के अनेक स्थलों का अध्ययन किया गया है। डॉ. यशोधर मथपाल का Rock Art in Kumaon Himalaya इस क्षेत्र के लिए विशेष महत्त्व रखता है। IGNCA के अनुसार मथपाल ने कुमाऊँ हिमालय के 50 महत्त्वपूर्ण शैलकला स्थलों का दस्तावेजीकरण किया, जिनमें पेट्रोग्लिफ, कप-मार्क और शैलचित्र शामिल हैं।

IGNCA के विवरण में कुमाऊँ क्षेत्र की शैलकला में मानव और प्रकृति के संबंधों, नृत्य-दृश्यों, ढोल बजाते मानवों, शिकारियों तथा अन्य आकृतियों का उल्लेख मिलता है।

इससे यह समझने में सहायता मिलती है कि हिमालयी भू-दृश्य में प्राचीन मानव की गतिविधियों को समझने के लिए नदी-घाटी, प्राकृतिक आश्रय और शैलकला को एक साथ देखना कितना आवश्यक है।


लखु उडियार : पत्थरों पर दर्ज स्मृति

उत्तराखण्ड की प्रागैतिहासिक शैलकला की चर्चा लखु उडियार के बिना अधूरी है।

IGNCA के अनुसार लखु उडियार अल्मोड़ा क्षेत्र का प्रसिद्ध शैलकला स्थल है। IGNCA की सामग्री में इसके नाम और स्थानीय परम्परा से जुड़ी एक कथा का भी उल्लेख मिलता है।

लेकिन यहाँ वैज्ञानिक दृष्टि से एक बात याद रखना आवश्यक है—

शैलचित्रों का होना अपने-आप यह नहीं बताता कि उन्हें बनाने वाले मनुष्यों का उद्देश्य क्या था।

मथपाल ने भी कुमाऊँ क्षेत्र की शैलकला के संदर्भ में कलाकारों की प्रेरणा को निश्चित रूप से पुनर्निर्मित करने की कठिनाई स्वीकार की है। IGNCA के अनुसार उन्होंने शैलकला की व्याख्या में बिना पर्याप्त संदर्भ के निश्चित निष्कर्ष निकालने से सावधानी बरती।

यही सावधानी शोध को रोचक भी बनाती है और विश्वसनीय भी, क्योंकि हर चट्टान पर बनी आकृति हमें कोई निश्चित उत्तर नहीं देती— वह हमें एक नया प्रश्न देती है।


पश्चिमी रामगंगा घाटी : केवल नदी नहीं, संभावित सांस्कृतिक गलियारा

जब हम पश्चिमी रामगंगा घाटी की भौगोलिक विशेषताओं को देखते हैं, तो एक बात स्पष्ट होती है।

यहाँ—

जल है।

वन हैं।

घास के मैदान हैं।

कृषि योग्य भूमि है।

प्राकृतिक मार्ग हैं।

और पर्वतीय चट्टानी भू-दृश्य है।

ऐसी परिस्थितियाँ मानव गतिविधियों के अध्ययन के लिए महत्त्वपूर्ण आधार प्रदान करती हैं।

लेकिन वैज्ञानिक दृष्टि से यह कहना उचित होगा कि केवल इन भौगोलिक अनुकूलताओं के आधार पर पश्चिमी रामगंगा घाटी में किसी विशिष्ट प्रागैतिहासिक बस्ती की पुष्टि नहीं की जा सकती।

उसके लिए आवश्यक होंगे—

  • प्रस्तर उपकरण,

  • शैलचित्र,

  • शैलाश्रय,

  • निवास-साक्ष्य,

  • सांस्कृतिक स्तर,

  • पुरातात्त्विक अवशेष,

  • तथा वैज्ञानिक काल-निर्धारण।

इसीलिए पश्चिमी रामगंगा घाटी का व्यवस्थित पुरातात्त्विक सर्वेक्षण भविष्य के शोध के लिए अत्यन्त महत्त्वपूर्ण हो सकता है।


नदी से संस्कृति तक

पश्चिमी रामगंगा घाटी को यदि एक ही दृष्टि से देखा जाए तो यह केवल एक नदी-तंत्र दिखाई देती है।

लेकिन अलग-अलग परतों को जोड़ने पर इसका स्वरूप बदल जाता है।

भूगोल हमें नदी और पर्वत दिखाता है।

पर्यावरण हमें वन, बुग्याल और जलवायु दिखाता है।

मानवशास्त्र हमें बसावट और जीवन-पद्धति दिखाता है।

लोकपरम्परा हमें रामनाली जैसी स्मृतियाँ देती है।

पुरातत्व हमें प्राचीन मानव के पदचिह्न खोजने का अवसर देता है।

और शैलकला हमें उस मानव की दृश्य अभिव्यक्ति के सामने खड़ा कर देती है।

इसलिए पश्चिमी रामगंगा घाटी वास्तव में एक बहुस्तरीय सांस्कृतिक भू-दृश्य है।


एक नदी, अनेक पहचान

दूधातोली की ऊँचाइयों में रामगंगा एक जलधारा है।

रामनाली में वह लोकआस्था है।

घाटियों में वह जीवन का आधार है।

खेतों में वह कृषि की सहायक है।

जंगलों में वह पारिस्थितिकी का हिस्सा है।

कालागढ़ में वह जलसंसाधन और बाँध से जुड़ती है।

और कन्नौज के निकट पहुँचकर वह गंगा की विराट धारा में समाहित हो जाती है।

इस पूरी यात्रा में नदी का स्वरूप बदलता रहता है, लेकिन उसका मूल संबंध मनुष्य और प्रकृति से बना रहता है।


निष्कर्ष : रामगंगा को केवल नदी की तरह मत देखिए

पश्चिमी रामगंगा घाटी को समझना केवल यह जानना नहीं है कि नदी कहाँ से निकलती है और कहाँ जाकर मिलती है।

यह जानना भी है कि—

उसके किनारे कौन रहा,

उसने प्रकृति के साथ कैसे जीवन बनाया,

किस प्रकार खेत बने,

जंगलों ने जीवन को कैसे सहारा दिया,

लोकस्मृतियों ने स्थानों को कैसे अर्थ दिया,

और—

क्या इन पर्वतों और घाटियों में प्राचीन मानव की कोई ऐसी कहानी छिपी है, जिसे आज भी चट्टानें अपने भीतर सँजोए हुए हैं?

दूधातोली से कालागढ़ तक फैली यह घाटी इसलिए महत्त्वपूर्ण है क्योंकि यहाँ भूगोल और इतिहास अलग-अलग विषय नहीं रह जाते। वे एक-दूसरे में घुल जाते हैं। रामगंगा का पानी पर्वतों से उतरता है, लेकिन उसके साथ उतरती हैं—प्रकृति की स्मृतियाँ, लोकविश्वासों की परम्पराएँ और मानव इतिहास की अनगिनत सम्भावनाएँ।

शायद इसीलिए पश्चिमी रामगंगा को समझने का सबसे सुंदर तरीका यही है—

नदी के प्रवाह को देखिए, लेकिन उसके किनारों को पढ़ना मत भूलिए।

क्योंकि नदी बहती रहती है…

पर इतिहास उसके किनारों पर ठहरकर अपनी कहानी लिखता है।


"जड़ों को जानना ही भविष्य को दिशा देना है।"
— जड़ों से जुड़कर भविष्य की ओर

"थात- जड़ों से जुड़कर भविष्य की ओर" फेसबुक पेज से जुड़ने के लिये यहाँ क्लिक करें:



लेखक: डॉ. भावना जुयाल
© डॉ. भावना जुयाल, 2026. सर्वाधिकार सुरक्षित।
(इस लेख का कोई भी भाग लेखक की पूर्व अनुमति के बिना पुनर्प्रकाशित नहीं किया जा सकता।)

कुमाऊँ की पारम्परिक खानपान संस्कृति : पहाड़ के अनाज, वन्य फल और विलुप्त होती स्वाद की विरासत

 इतिहास, लोकजीवन एवं लोकसंस्कृति पर आधारित शोधपरक आलेख प्रस्तावना : प्रकृति की थाली में सजा पहाड़ का स्वाद मनुष्य के जीवन में भोजन केवल भूख ...